‘गुम है किसी के प्यार में‘ की फेमस एक्ट्रेस ऐश्वर्या शर्मा (Aishwarya Sharma) यानी आपकी पाखी अब बिग बॉस (Bigg Boss 17) के घर में एंट्री ले चुकी हैं। यहां ऐश्वर्या अपने पति और सीरियल के कोस्टार नील भट्ट के साथ आई हैं। और दर्शकों को अपना कमाल दिखाने के लिए तैयार हैं। ऐश्वर्या इससे पहले खतरों के खिलाड़ी शो में खतरनाक स्टंट करते हुए नज़र आई थीं। जिसके बाद अब बिग बॉस में उनकी एंट्री और खतरनाक मानी जा रही है।
ऐश्वर्या को टीवी के पर्दे पर ज्यादातर नेगेटिव रोल में देखा गया लेकिन असल में ऐश्वर्या खूब पॉजीटिव हैं। और अपने हर टास्क को पॉजिटिव एप्रोच के साथ करती हैं। ऐश्वर्या को भले ही सीरियल गुम है किसी के प्यार में नील का साथ न मिल पाया हो लेकिन रियल लाइफ में ये दोनों अब जीवन भर के लिए साथ हो गए हैं। दोनों ने साल 2021 के नवंबर में सात फेरे ले लिए थे।
वैसेे दोनों की लव स्टोरी लगभग सभी को पहले से ही पता है। लेकिन इस लव स्टोरी के कुछ मजेदार किस्से इस लेख में आप पढ़ेंगे…
रिपोर्ट्स के मुताबिक ऐश्वर्या का जन्म 8 दिसंबर 1992 को मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक मध्यमवर्गीय हिंदू, ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उन्हें बचपन से ही एक्टिंग का शौक था और यही वजह है कि जब ऐश्वर्या ने 2015 में पहली बार एक्टिंग शुरू की तो लोगों ने उन्हें खूब प्यार दिया।
बचपन से एक्टिंग का शौक
ऐश्वर्या की स्कूलिंग छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विश्वविद्यालय से हुई है, जहां वो साइंस की स्टूडेंट बताई जाती हैं। ऐश्वर्या एक ट्रेन कथक डांसर भी मानी जाती हैं। टेलीविजन की दुनिया में ऐश्वर्या ने 2015 में कोड रेड शो के जरिए कदम रखा और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने कई शो जैसे सांखला संकट मोचन महाबली हनुमान, सूर्यपुत्र कर्ण और जांबाज सिंदबाद में भी अच्छा अभिनय किया। वो मेरी दुर्गा के साथ ही लोकसभा चैनल के ऐतिहासिक शो सूर्य संहिता का भी हिस्सा रहीं।
ऐश्वर्या ने 2020 में ऐश्वर्या माधुरी टॉकीज नाम की एक वेब सीरीज में भी काम किया। हालांकि उन्हें असली पहचान स्टार प्लस के गुम है किसी के प्यार में से मिली। ये शायद कम ही लोगों को पता होगा कि ऐश्वर्या बचपन से बेहद चुलबुली हैं और वो अपने स्कूल के दिनों में मिमिक्री किया करती थीं। वो कॉलेज में भी अपनी एक्टींग के लिए फेमस थीं।
हालांकि ऐश्वर्या के जीवन में भी बहुत उतार–चढ़ाव देखने को मिले। वो एक खराब रिलेशनशिप में थी। जिससे बाहर निकलने के बाद उन्होंने कभी किसी के साथ दोबारा रिश्ते में ना रहने का सोचा था। वो शादी से भी बहुत डरती थीं। लेकिन फिर शो के दौरान उन्हें नील मिले। उनकी सोच बदली। दोनों में दोस्ती हुई और फिर ये रिश्ता प्यार में बदल गया और अब दोनों पति पत्नी हैं।
ऐश्वर्या की लव लाइफ और स्ट्रगल
एक इंटरव्यू के दौरान ऐश्वर्या ने खुद अपने जीवन के इस फेज के बारे में बताया था कि कैसे नील ने उनकी जीवन को लेकर शादी को लेकर पूरा नज़रिया बदल दिया। ऐश्वर्या हमेशा से हिम्मत वाली रही हैं और उन्होंने किसी भी परिस्थिति में हार नहीं मानी। वो अपनी ताकत का लोहा खतरों के खिलाड़ी शो में भी मनवा चुकी हैं। उन्हें इस शो में बेहद बोल्ड अंदाज़ में देखा गया था।
बिग बॉस के घर की बात करें तो यहां ऐश्वर्या भले ही अपने पति नील के साथ आई हैं। लेकिन उन्होंने ये पहले ही साफ कर दिया है कि वो किसी को अपनी जीत के आड़े नहीं आने देंगी। शो के शुरुआती एपिसोड से ही ऐश्वर्या हावी होती दिखाई दे रही हैं। उन्होंने अपनी टिपिकल बहु वाले अवतार को बहुत पीछे छोड़ दिया है।