नवरात्रि की शुरुआत में अब कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में हर कोई अपने घर का मंदिर और मां का दरबार सजाने में लग गया है। ये तो सभी जानते हैं की इस खास त्योहार पर साफ–सफाई की बहुत महत्ता है। साथ ही इसमें मां का आगमन भी होता है, इसलिए सभी मां को प्रसन्न करने के लिए कई तरीके से सजावट करते हैं।
इस साल शारदीय नवरात्रि 15 अक्टूबर यानी रविवार से शुरू हो रही है। ये नौ दिन का महापर्व 10 वें दिन 24 अक्टूबर को दशहरे के उत्साह में समाहित हो जाएगा। ऐसे में लोगों को नए कपड़े, मंदिर का सामन और साज–सजावट की कई चीज़ों की खरीदारी करनी होती है। इस लेख में हम आपको आसान और सुंदर तरीके से घर और मां का दरबार यानी मंदिर सजाने की टिप्स दे रहे हैं।
अब सबसे पहले शुरुआत मंदिर से करें। तो यहां आपको पूजा के सभी पुराने पड़े सामान जिसका आप इस्तेमाल नहीं करते, उन्हें हटा दें। सभी भगवान की मूर्तियों को अच्छे से साफ कर लें और मंदिर के आसान का कपड़ा या ऊपर लगाई चुनरियों को भी या तो नया बदल दें या पुराने को अच्छे से साफ कर के लगा दें।
चमकिली रंग–बिरंगी लाइटें
मंदिर के आस–पास चमकिली रंग–बिरंगी लाइटें लगाना बिल्कुल न भूलें। ये आपके मंदिर को बहुत ही आकर्षक लुक देती हैं। मंदिर के आस–पास भी अच्छे से सफाई कर लें और सुंदर आर्टिफिशियल फूलों की सजावट वाली मालाएं लगा दें। आप चाहे तो आस–पास आर्टिफिशियल लैंप या दिया स्टैंड भी रख सकते हैं।
अब आते हैं माता की चौकी पर। तो इसके लिए आपको वास्तु का खास ख्याल रखना है। आप मां का दरबार सजाते समय लकड़ी की चौकी का इस्तेमाल करें। इसे सबसे शुभ माना गया है। ये चौकी उत्तर–पूर्व दिशा में इस हिसाब से लगाएं कि पूजा करते वक्त आपका मुख पूर्व या उत्तर की तरफ हो। मां के पूजा संबंधित सामग्री भी पूर्व दिशा में ही रखें। इससे घर में बरकत बनी रहती है।
लाल रंग को मां अंबे का पसंदीदा रंग कहा जाता है। इसलिए चौकी का कपड़ा और मां के वस्त्र लाल रंग के ही रखें। चौकी के आस–पास पीले फूलों की माला लगा दें। इसके अलावा पूजा घर के दरवाजे पर दोनों तरफ स्वास्तिक का चिन्ह बनाएं। माता रानी के दरबार के साथ ही अपने घर को भी बिजली की झालरों और आर्टिफिशियल फूलों से सजाएं।
मिट्टी के बर्तनों की महत्ता
पारंपरिक तौर पर हमारे देश में मिट्टी के बर्तनों की अपनी महत्ता है इसलिए मां का कलश और मंदिर का दिया समेत बाकी बर्तनों को भी मिट्टी का रखने की कोशिश करें। माता के मंदिर को अधिक आकर्षक बनाने कि लिए आप मिट्टी से बने सामानों से सजावट करें। मिट्टी के बर्तन में पानी भरकर उसमें फ्लोटिंग कैंडल जलाए जा सकते हैं। इसके अलावा फूलों को भी मिट्टी के बर्तनों में पानी के ऊपर रखा जा सकता है।
आप माता रानी के दरबार को अपने घर की रंग–बिरंगी चुनरियों से भी सजा सकते हैं। कई रंगों को मिलाकर आप मंदिर के आस–पास के इलाके को बेहतरीन लुक दे सकते हैं। आप बाजार से रंग–बिरंगे चुनरी लेकर भी मां के दरबार के चारों तरफ सुंदर डिजाइन बनाते हुए पर्दा की तरह सजा सकते हैं। इसके साथ ही इसमें कई कलर के लाइट भी लगा सकते हैं। इससे मां का दरबार और भी प्यारा लगेगा।
नवरात्रि से प्रेरित रंगोली डिजाइन
आप मंदिर के आस–पास और अपने घर में रंगोली बनाकर भी मां का स्वागत कर सकते हैं। आप इसमें नवरात्रि से प्रेरित रंगोली डिजाइन के साथ ही मां के चरण कमल या स्वास्तिक भी बना सकते हैं। रंगोली को बनाने के लिए आप रंगों के साथ ही मोमबत्तियां, दीये, या फूलों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
घर के सजावट की बात करें तो आप अलग–अलग रंगों और डिजाइनों की मनके और घंटियों की माला भी नवरात्रि पर अपने घर में लगा सकते हैं। इन्हें आप प्रवेश द्वार, लिविंग रूम, खिड़की, पूजा घर, किचन में या जहाँ भी आपको सही लगे, लटका दें। इससे अलग ही लुक निकल कर सामने आएगा।
नवरात्रि का पर्व देश में बड़े ही आस्था और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस त्योहार को मनाने का हर किसी का अपना अंदाज़ होता है। यहां बताई सभी बातें जनरल जानकारियों पर आधारित है। आप इस त्यौहार में अपने हिसाब से अपनी सजावट को चुनें। खुशियां और आशिर्वाद माता रानी अपने सभी भक्तों को देती हैं।