Viral Nari

क्या यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया?

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने से एक बार फिर योगी आदित्यनाथ सरकार सवालों के घेरे में है। ये परीक्षा पुलिस विभाग ने 60244 कॉन्स्टेबल पदों की भर्ती निकाली थी जिसके लिए लिखित परीक्षा 17-18 फरवरी को हुई थी। परीक्षा के बाद ही इस परीक्षा में गड़बड़ी की खबरें सामने आने लगी थीं। कई ज़िलों से इस परीक्षा का पेपर लीक होने की आशंका भी जताई गई। हालांकि अभी तक इस तरह के दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले के तूल पकड़ने के बाद अब यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड भी हरकत में आ गया है। बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “बोर्ड द्वारा अपनी प्रत्येक परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता को बनाए रखने हेतु सदैव कटिबद्ध है। बृहद स्तर पर परीक्षा के सकुशल संपन्न होने के पश्चात ट्रेंड कराई जा रही असत्यापित ख़बरों को बोर्ड द्वारा गहनता से यूपी पुलिस की सहायता से सत्यापित कराई जाएगी। अभ्यर्थी आश्वस्त रहें।”

फर्जी तरीके से परीक्षा में शामिल

बता दें कि इस मामले में यूपी पुलिस के मुताबिक बीते तीन दिन में 244 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, इन लोगों पर फर्जी तरीके से परीक्षा में शामिल होने का आरोप है। यूपी पुलिस का कहना है कि ये गिरफ्तारियां 15 से 18 फरवरी के बीच हुई हैं। इस पेपर के लीक होने के बाद से अभ्यर्थियों में भी नाराज़गी का माहौल है।

पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने एक्स पर इस संबंध में पोस्ट करते हुए दावा किया है कि परीक्षा से पहले पेपर के प्रश्न लीक कर दिए गए। टेलीग्राम के एक ग्रुप पर ये प्रश्न मिले, जिनका मिलान करने पर इस बात का खुलासा हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेज कर उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा के संभावित पेपर लीक की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की है।

https://twitter.com/Amitabhthakur/status/1759118101193666923

सुरक्षा केन्द्रों के अंदरबाहर कड़ी सिक्योरिटी

खबरों की मानें तो, इस परीक्षा में 48 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 6 लाख उम्मीदवार अन्य राज्य से हैं। अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए 75 ज़िलों में 2385 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुरक्षा केन्द्रों के अंदरबाहर कड़ी सिक्योरिटी तैनात थी। इस परीक्षा को लेकर प्रशासन पहले ही अलर्ट मोड पर था। खुद DGP प्रशांत कुमार परीक्षा केंद्रों का दौरा करने के लिए भी पहुंचे थे। बावजूद इसके परीक्षा पेपर लीक एक बड़ा सवाल खड़ा करता है।

ज्ञात हो कि इस मामले में DGP प्रशांत ने बताया था कि 17 फरवरी को जौनपुर से पुलिस ने एक गैंग को गिरफ्तार किया है जो 2023 में हो चुकी लेखपाल भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र अभ्यर्थियों को सिपाही भर्ती के नाम पर बेच रहा था। उन्होंने बताया था कि ऐसे तमाम लोग जो फर्जी पेपर बेचकर परीक्षा अटकाने की कोशिश कर रहे है, उन्हें UP पुलिस गिरफ्तार कर रही है।

पहले भी कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक

सोशल मीडिया पर फिलहाल ये मामला बेहद गर्म है। टॉप ट्रेंड में बना हुआ है। सोशल मीडिया में शनिवार शाम से ही कई यूजर ये दावा कर रहे हैं कि यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया है। इसे लेकर कई स्क्रीनशॉट भी शेयर किए जा रहे हैं।

हालांकि शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इसे फर्जी खबर बताते हुए। एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि पेपर लीक के सभी दावे फर्जी हैं, एवं इसका भ्रम सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है। बोर्ड का कहना था कि परीक्षा सुचारू रूप से जारी है, युवा ऐसी किसी भी गलत जानकारी पर ध्यान न दें। हालांकि अब बोर्ड ने खुद जांच की बात कही है।

गौरतलब है कि भर्ती परीक्षा पेपर लीक का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होते रहे हैं। जो लाखों युवाओं के भविष्य के सपने पर पानी भी फेरते रहे हैं। इसे लेकर सरकार संसद में कड़ा कानून भी ले आई। लेकिन बावजूद इसके ये तमने का नाम नहीं ले रहे।

Exit mobile version