करवा चौथ हमारे देश में आस्था का एक बड़ा पर्व माना जाता है। फिल्मी पर्दा हो या असल की दुनिया हर जगह करवा चौथ की रौनक देखते ही बनती है। इसे देश के कई इलाकों में अपनी श्रद्धा के अनुसार मनाया जाता है। कई जगह करवा चौथ का व्रत शुरू करने से पहले महिलाएं सुबह सरगी लेती हैं। तो वहीं कई जगह औरतें पूरे दिन भूखी–प्यासी ही रहती हैं।
वैसे इस पर्व पर सरगी का भी अपना एक खास महत्व है। इसमें सास का अपनी बहु के लिए प्यार झलकता है। कई घरों में सास अपनी बहुओं को सरगी में मिठाई और फल खाने के लिए देती हैं। तो वहीं कुछ जगहों पर महिलाएं सुबह चाय–पानी आदि पीकर भी पूरा दिन उपवास रखती हैं। हालांकि पति की लंबी उम्र के लिए रखा ये व्रत पत्नियों के लिए खासा कठिन माना जाता है। क्योंकि इसमें पूरे दिन बिना कुछ खाए–पिए रहना होता है।
कई बार महिलाएं सुबह सरगी के समय अपना पेट भरने के लिए कुछ हैवी खा लेती हैं जो उनके शरीर पर नकारात्मक असर डालता है। कई बार खाली पेट चाय–कॉफी भी आपको खासा नुकसान पहुंचा सकती हैं, जिससे आपको दिनभर के व्रत में कठिनाई पैदा हो सकती है।
क्या खाएं जो आप पूरे दिन तरोताजा रहें?
सबसे पहले तो आप व्रत के कुछ दिन पहले से ही अपने शरीर को मानसिक तौर से इसके लिए तैयार कर लें। फिर आहार यानी अपना खाना भी वैसा ही रखें। नार्मल खाएं और जंक फूड से दूर रहें। कोशिश करें की आपकी बॉडी में लिक्विड इंटेक ज्यादा हो। जो आपके शरीर को हाइड्रेटेड रखे।
अब आते हैं करवा चौथ वाले दिन सुबह सरगी में क्या खाएं, जो पूरे दिन आपकी एनर्जी भी बनी रहे और आपको बहुत लो भी फील न हो। अपने आप को तरोताजा रखने के लिए करवा चौथ वाले दिन सुबह सरगी के दौरान आप खूब पानी पीएं।
कोशिश करें की कोई भी ताजा फल खाएं। इसमें आप जूसी फल जैसे खरबूज, तरबूज या पपीता ले सकती हैं, या कोई और भी रसीला फल हो सकता है। इससे आपके शरीर को पानी के साथ ही जरूरी पोषण भी मिलता है। फल को हमेशा सेहत के लिए बेहतर कहा जाता है। लेकिन ध्यान रखें कि केला जैसा फल सुबह खाली पेट न खाएं। इससे आपका ब्लड शुगर बढ़ सकता है। आप इस समय ड्राई फ्रूट्स खा सकती हैं।
फल के अलावा आप एक गिलास लस्सी या एक कटोरी दही, जो भी आपकी पसंद हो, उसे जरूर लें। अगर लस्सी नहीं लेना चाह रहे तो मिल्कशेक या दूध भी आप पी सकती हैं। इसके अलावा कम नमक और चीनी वाला नींबू पानी का विकल्प भी है आपके पास। इससे पूरे दिन प्यास नहीं लगेगी और शरीर डिहाइड्रेट नहीं होगा।
अब क्या न खाएं?
सरगी एक दम सुबह में खाी जाती है। जिस वक्त ज्यादातर हमारा पेट खाली होता है। इसलिए इसमें भूलकर भी फ्राइड फूड खाने की गलती न करें। चिप्स, पापड़ तले हुए पकवान या बहुत हैवी खाना, चाय, कॉफी से थोड़ी दूरी बनाकर ही रखें। ये आपके सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। इसके अलावा सुबह बहुत ज्यादा मीठा भी न खाएं। और नमकीन या मिर्च मसाले वाली चीजें खाने से परहेज करें क्योंकि ये सभी चीजें आपको दिन में दिक्कत दे सकती हैं।
एक जरूरी सलाह कई जानकार देते हैं कि कभी भी किसी भी व्रत को खोलते वक्त एकदम से भोजन को नहीं खा लेना चाहिए। इसलिए जब आपका भी करवा चौथ का व्रत पूरा हो जाए तो भी आप खाने पर एकदम से न टूटें और न ही बहुत ज्यादा तला भुना, मिर्च मसाले वाला बाहर का खाना खाएं। क्योंकि ये आपको संकट में डाल सकता है।
सबसे पहले आराम से बैठकर व्रत पूरा होने पर पहले एक गिलास पानी पीएं। उसके कुछ देर बाद सादा खाना खाकर व्रत खोलें। फिर धीरे–धीरे आप अपनी भूख के हिसाब से खाना खाएं। इस वक्त भी फ्राइड फूड ज्यादा खाने से बचें क्योंकि इससे आपको एसिडिटी सहित अन्य परेशानियां भी हो सकती हैं।
नोट: यहां लिखी गई सभी जानकारियां विभिन्न स्रोतों से ली गई हैं। किसी भी समस्या के लिए पहले अपने डॉक्टर से संपर्क करें। अपनी भक्ति और श्रद्धा के अनुसार आप अपने व्रत और इसके नियमों का पालन करें।